शिवपुरी (अजय दण्डौतिया) ग्राम पतारा के पास हुई सड़क दुर्घटना में सिंधिया के निज सचिव रहे गजराज सिंह राठौर और उनकी मां दशरथ कुवंर की मौत हो गई । दुर्घटना में गजराज सिंह राठौर के परिवार के अन्य चार सदस्यों को भी गंभीर चोटें आई हैं।
उपरोक्त सडक दुर्घटना में इणिडका सवार राठौर परिवार की कार क्रमांक एमपी 09 एचबी 6459 को सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक क्रमांक आर जे 11 जीए 4388 के चालक ने जोरदार टक्कर दे मारी। इस भीषण भिड़ंत में गजराज सिंह राठौर और उनकी मां की स्थिति मरणासन्न हो गई । उन्हें उपचार के लिए शिवपुरी जिला चिकित्सालय लाया गया जहां मां-बेटों ने दम तोड़ दिया।
इस दुर्घटना में उनकी पत्नी गायत्री और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को भी गंभीर चोटें आई हैं। सड़क दुर्घटना में सिंधिया के निज सचिव रहे और वर्तमान में सिंधिया म्यूजियम के प्रभारी के परिवार के साथ बुरा हादसा हो जाने की खबर मिलते ही जिला कलेक्टर आर के जैन और एसपी आर पी सिंह भी जिला चिकित्सालय पहुंच गए।
उपरोक्त दुर्घटना बुधवार दिन में 11 बजे होना बताई गई है । मिली जानकारी के अनुसार गजराज सिंह अपने परिवार के साथ ग्वालियर से जयपुर जा रहे थे। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल उनकी पत्नी ने दुर्घटना की सूचना सिंधिया के निज सचिव को फोन पर दी थी। उनके प्रयासों से घायलों को तत्काल शिवपुरी जिला चिकित्सालय लाने की कार्रवाई कराई गई थी।



