इंदौर [ NI 24 ] पिछले दिनों गुजरात के गिरनार पर्वत पर मुनि श्री प्रबल महाराज पर हुए प्राणघाटक हमले को लेकर जैन समाज ने इंदौर समेत पूरे देश में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस मौके पर जैन समाज ने हमला करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़कर दंड देने के लिए प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में मुनियों और जैन समाज के लोगों के साथ इंदौर के जनप्रतिनिधियों समेत सभी प्रमुख दलों के नेता भी शामिल हुए।
इस मौके पर जैन मुनि विवेक सागर जी ने कहा कि मुनि श्री प्रबल सागर जी महाराज पर किया गया हमला एक निंदनीय कृत्य है। जो कि माफ किये जाने वाला कृत्य नहीं है। जैन मुनियों के साथ आए दिन होने वाले एक्सीडेंट, हमले और उनका अपमान एक षडयंत्र है। जो कि जान बूझकर उनके साथ कराया जा रहा है। जैन समाज एक अहिंसावादी समाज है जो पूरे विश्व में अहिंसा का संदेश देता है। अगर ऐसे समाज के साथ ही हमला जैसी अप्रिय घटना होगी तो समाज चुप नहीं बैठेगा।
वहीं प्रदर्शन में मौजूद इंदौर की सांसद सुमित्रा महाजन ने भी मुनि श्री पर हुये इस हमले की निंदा करते हुए कहा है कि मुनियों पर इस तरह के हमले सभी धर्मों की आस्था पर प्रहार है। इस मौके पर उन्होने कहा कि गिरनार पर्वत की जिम्मेदारी शासन को अपने हाथों में ले लेनी चाहिए जिससे सभी धर्मों के लोग वहां जा सकें। गौरतलब है कि गिरनार पर्वत पर विवाद का यह मुद्दा सनातन धर्म के लोगों और जैन समाज के लोगों के बीच काफी समय से चलता आ रहा है। जिसका निराकरण अब तक नहीं हो पाया है।

