शिवपुरी (विनय धौलपुरिया) जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इंदार-खतौरा मार्ग पर इन दिनों अज्ञात बाइक लुटेरों का आतंक बना हुआ है। पिछले 6 माह से इस इलाके में दर्जन भर से अधिक बाईक सवारों द्वारा लूट की वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। ताजा तरीन मामले में एक नई मोटरसाइकिल खरीदकर ला रहे किसान को दो बाईकों पर सवार होकर आए लुटेरों ने लूट लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रामगढ़ का रहने वाला ऋषि पुत्र जगन्नाथप्रसाद उपाध्याय कल नई बाईक खरीदने के लिए शिवपुरी आया और उसने हीरो कंपनी की डीएलएक्स गाड़ी खरीदी और उसे लेकर वह शाम के समय वह अपने गांव की ओर निकल पड़ा। जैसे ही वह ऐजवारां के पास पहुंचा तो उसे दो मोटरसाईकिलों पर सवार चार युवकों ने रोक लिया। वह चारों युवक लाठियों से लेस थे। उन्होंने ऋषि को पकड़कर पहले तो लाठियों से मारपीट कर दी और उसके हाथ-पैर बांधकर पास ही स्थित एक खेत में फेंक दिया और उसकी पेंट की जेब में रखे 500 रूपये नगदी, गले में पहने हुआ एक सोने का पेण्डल सहित नई मोटरसाईकिल लेकर भाग निकले।
जैसे-तैसे ऋषि ने अपने आप को बंधन से मुक्त किया और वह इंदार थाने पहुंच गया जहां उसने चारों अज्ञात आरोपियों द्वारा लूट की इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। लेकिन अंधेरा होने के कारण वह उनका हुलिया नहीं बता पा रहा है।

