शिवपुरी (विनय धौलपुरिया) ग्रामीण क्षेत्र में योजनाओं का शत् प्रतिशत लाभ आमजन को मिल सके इस दृष्टि से आज कलेक्टर श्री आर.के.जैन ने खनियांधाना एवं पिछोर जनपद सभागार में मैदानी अमले से सीधी बात करते हुए जमीनी हकीकत जानी और प्रमुख योजनाओं मनरेगा, पंच परमेश्वर, मर्यादा अभियान, किचिन सेट, विद्यालय में बनने वाले अतिरिक्त कक्ष, शौचालय निर्माण, मुख्यमंत्री सड़क योजना आदि कार्यों की समीक्षा की।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप माकिन, एसडीएम श्री उमेश शुक्ला, श्री के.के.शर्मा, श्री आर.ई.एस. कार्यपालन यंत्री श्री डी.एस.यादव, तहसीलदार श्री जे.पी.गुप्ता, जनपद सी.ई.ओ. श्री अजय सिंह, बी.आर.सी श्री विनोद गुप्ता, बी.ओ. श्री प्रभाकर पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जनपद पंचायत खनियांधाना एवं पिछोर में समीक्षा बैठक
कलेक्टर श्री आर.के.जैन ने पंच परमेश्वर योजना की 5 प्रतिशत राशि से ग्राम में साफ-सफाई के निर्देश दिए तथा बी.ओ., बी.आर.सी. से कहा कि वह स्कूलों में साफ-सफाई की नियमित मॉनिटरिंग करें और यह देखे कि विद्यालयों में स्वीपर रखे गये है या नहीं। उन्होंने खनियांधाना में पंच परमेश्वर योजना के तहत वर्तमान में प्रचलित 112 कार्याे में से 80 प्रतिशत कार्यों की सी.सी. 15 जनवरी 2013 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए साथ ही अपूर्ण किचिन सैटों को 31 जनवरी तक पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने मर्यादा अभियान योजना के तहत ग्राम पंचायत मुहारीकलां, अचरौनी, कमालपुर, मायापुर, बामौरकलां के सचिवों की समीक्षा करते हुए उन्हें समय सीमा में कार्य पूर्ण करने को कहा। इसके बाद कलेक्टर श्री जैन ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के बारे में भी उपस्थित सचिव, पटवारी, अधिकारियों, कर्मचारियों को जानकारी देते हुए बताया कि वह इच्छुक बुजुर्गों को आवेदन करवायें। पर्याप्त संख्या में आवेदन होने पर सभी को पात्रता होगी। अधिक आवेदन आने की स्थिति में लॉटरी निकालकर तीर्थ यात्रियों का चयन किया जावेगा।
इसके अतिरिक्त उन्होंने लोक सेवा गारंटी, नामांतरण, बंटवारे, सीमांकन के संदर्भ में व्यापक निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि पात्र व्यक्ति को उसका हक मिलें। इसके लिए आप मैदानी अधिकारी, कर्मचारियों को गांव-गांव का भ्रमण करें तथा समस्याऐं सुनकर उनका निराकरण करना होगा।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप माकिन ने कहा कि ग्राम पंचायत के प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजना का लाभ मिले यह सुनिश्चित करने का दायित्व ग्राम सचिव का है। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित सचिवों का वेतन काटने के निर्देश भी जनपद के मुख्यकार्यपालन अधिकारी को दिए।

