इंदौर [ NI 24 ] इंदौर कलेक्टर आकाश त्रिपाठी ने शहर वासियों के लिए एकल खिड़की का फंडा शुरू कर राहत पहुंचाई है ! जनता अब अपनी मेहनत से कमाई गई पूंजी को भूमाफियाओं को देने से पहले खरीदी गई जमीन या मकान की जानकारी एकल खिड़की से प्राप्त कर सकेंगे ! वैध-अवैध कॉलोनियों की जानकारी देने के लिए कलेक्टोरेट में मंगलवार को सिंगल विंडो शुरू हुई। पहले दिन 13 लोगों ने सूची ली। नौकरीपेशा, बैंकों के प्रतिनिधि, प्रॉपर्टी ब्रोकर सहित कई लोग शहरी व इंदौर ग्रामीण क्षेत्र की सूची लेने पहुंचे। इन्हें हाथोहाथ सील व हस्ताक्षर द्वारा सत्यापित कॉपी उपलब्ध कराई गई।
प्रशासन ने फिलहाल इसके सैट बनाकर रखे हैं, लेकिन जल्द सॉफ्टवेयर तैयार किया जाएगा ताकि आवेदक को तत्काल प्रिंट दिया जा सके। कॉलोनियों की सूची के लिए तय दर के अलावा 15 रु. आवेदन शुल्क भी लिया जा रहा है। इससे पहले विंडो का उद्घाटन कलेक्टर ने किया। निवेश के लिए ली सूची- नीलेश पाटीदार ने सबसे पहले आवेदन किया। वे बोले यह सूची उन्होंने प्रॉपर्टी में निवेश की भावी योजना को देखते हुए ली। इस सूची से सही कॉलोनी की जानकारी मिलेगी ताकि जीवनभर की कमाई बर्बाद न हो।
लोन देने से पहले सोचेंगे- बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि रामचंद्र बिजावा ने इंदौर शहर व ग्रामीण क्षेत्र की कॉलोनियों की सूची ली। उन्होंने कहा इस सूची से बैंक को सुविधा होगी कि इन क्षेत्रों में लोन देना है या नहीं। इससे आमजन के अलावा बैंक को भी लाभ होगा।
प्रॉपटी की सही जानकारी दे सकेंगे- इंदौर ग्रामीण की सूची लेने वाली नंदनी कुमार मिश्रा ने बताया उनका परिवार प्रॉपर्टी का काम करता है। उनके पास कई लोग आते हैं। इस सूची के जरिये हम उन्हें अवैध कॉलोनी से बचा सकेंगे।

