इंदौर [ NI 24 ] चोरों ने नए साल का आगाज धमाकेदार तरीके से करते हुए पुलिस को खुली चुनौती दी है। चोरों ने शहर में दो जगहों पर चार ठिकानों को अपना निशाना बनाया। चोरी की बड़ी वारदातें एमजी रोड़ थाने के नजदीक हुई है। एक अन्य जगह पर तो चोर वारदात को अंजाम देने के बाद घर पर आग लगाकर चले गए।
पहली वारदात इंदौर में नगर निगम मुख्यालय के पास एमजी रोड़ थाने से महज कुछ 100 मीटर की दूरी पर हुई जहाँ चोरों ने खेला बड़ा खेल, कपड़ों के शोरूम कड़िया स्टोर्स को बनाया निशाना । महंगे कपड़ों के जोड़े, कीमत कई लाख रूपए । मंदिर में रखे चांदी के छत्र और अन्य जेवरात, कीमत लाखों में और हजारों रूपए नकदी । छत के रास्ते से शोरूम में घुसे चोरों ने बड़ी आसानी से पूरे शोरूम पर हाथ साफ कर दिया । इस दौरान यहां लगे सीसीटीवी कैमरे को भी बदमाश तोड़कर चले गए चोरों ने सबसे ज्यादा से ज्यादा यहां माल पर हाथ साफ किया है।
चोर इसके बाद नजदीक ही बने गृहशोभा शोरूम और एक अन्य प्रतिष्ठान को भी अपना निशाना बनाया । चोर यहां से भी काफी माल ले उड़े। चोरी की ये वारदात एमजी रोड़ पुलिस थाने से नजदीक हुई थी । चोरों की इस खुली चुनौती के बाद मौके पर आला पुलिस अफसर भी पहुंच गए । हालांकि उनका तर्क है कि चोरों को इस बात से मतलब नहीं रहता है कि वो थाने के पास वारदात को अंजाम दे रहे या कही और ।
चोरी की इन वारदातों के अलावा तुलसी नगर के एक सूने मकान में बीती रात चोरो ने धावा बोला। चोरो ने मकान में रखे नगद सहित सोने चांदी के जेवरात सहित लाखों का माल ले उड़े। दिलचस्प बात यह रही कि चोर घटना को अंजाम देने के बाद मकान में आग भी लगा गए। जिसमे लाखों रुपए का किमती सामान जल कर राख हो गया। यहां रहने वाले ठेकेदार राज बहादुर सिंह 31 दिसंबर का जशन मनाने दिल्ली गए हुए थे। राज बहादूर फिलहाल दिल्ली में है, लिहाजा चोरी गए माल का सही आकड़ा उनकी भतिजी नहीं बता पाई, लेकिन माना जा रहा है कि चोरों ने लाखों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
इंदौर में साल 2012 में चोरी की वारदातों में खासी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है । पुलिस ने भी इसे अपनी नाकामी मानते हुए 2013 में बड़ी चुनौती माना था । साल के पहले दो दिन में ही चोरों ने पुलिस को जता दिया है कि उन्हें पकड़ पाना उतना आसान नहीं है । लगातार बढ़ती वारदातें न केवल पुलिस के नाईट पेट्रोलिंग की पोल खोल रही है बल्कि बता रही है कि ठंड में पुलिस की सुस्ती पर चोरों की चुस्ती भारी पड़ रही है।

