इंदौर [ NI 24 ] क्राइम ब्रांच ने एक शातिर नकबजन मेहबूब शाह को गिरफ्तार किया है। शहर के कई थानों की पुलिस को मेहबूब की तलाश थी। खंडवा के रहने वाले मेहबूब से पुलिस ने 25 मोबाइल फोन और लाखों रूपयों के जेवरात बरामद किए है। मेहबूब खासतौर पर खिड़की की जाली तोड़कर वारदातों को अंजाम देने में माहिर है। मेहबूब ने सदर बाजार इलाकों में दर्जनों चोरी करना कबूला है। वो पुलिस को पहले भी चकमा देकर फरार हो चुका है।
मेहबूब चोरी की वारदातों में इतना माहिर माना जाता है कि उसे जहां भी चोरी की वारदात का मौका मिलता है वो हाथ की सफाई दिखा देता है। पुलिस की पूछताछ में ये खुलासा हुआ है कि उसने दर्जनों साइकिल चुराकर इंदौर से खंडवा जिले में अपने गांव में बेंच दी। उसके खिलाफ कई स्थायी वारंट लंबित थे। क्राइम ब्रांच ने आगे की कार्रवाई के लिए मेहबूब को सदर बाजार पुलिस को सौंप दिया है।

