इंदौर [ NI 24 ] कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी महिला मोर्चा ने राजबाड़ा पर कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया। इस मौके पर कांग्रेस महिला प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर महिलाओं को दोषी ठहराने वाला मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का यह बयान बेहद शर्मनाक है। वहीं युवाओं ने भी कैलाश के इस बयान का विरोध किया है। विरोध के चलते कैलाश विजयवर्गीय ने अपने उन शब्दों के लिए महिला संगठनों से माफी मांगी है जिन शब्दों से वे आहत हुई है।
इंदौर के राजबाड़ा पर कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी के महिला मोर्चा ने प्रदर्शन कर कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने कैलाश मुर्दाबाद के नारे लगाए साथ ही कैलाश के इस बयान पर युवाओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया देकर विरोध जताया है। इस मौके पर महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि अगर कैलाश जी मंत्री के पद पर रहकर महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे सकते तो उन्हें इस तरह की बयानबाजी नहीं करनी चाहिये और अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिये।
वहीं मोहन भागवत और कैलाश विजयवर्गीय के इस बयान पर युवाओं का कहना है कि महिलाओं के कपड़े पहनने के तरीके को बदलने से उन पर हो रहे अत्याचारो को नहीं रोका जा सकता इसके लिए लोगों को अपनी सोच बदलने के साथ-साथ कानून को और सख्त किये जाने की जरूरत है।
वहीं अपने दिये गये बयान का विरोध झेल रहे कैलाश विजयवर्गीय ने अब भी अपने बयानों पर कायम रहने की बात कही है। उन्होने अपने बयान के इस विरोध का ठीकरा मीडिया के सिर फोड़ा है। उन्होने कहा कि मीडिया ने उनके बयानों को तोड़-मरोड़ कर जनता के सामने पेश किया है, फिर भी अगर मेरे इस बयान से अगर महिला संगठनों को ठेस पहुंची है तो मैं महिला संगठनों से माफी मांगता हूं।

