नई दिल्ली नवीन जिंदल लगातार दूसरे साल देश में सबसे अधिक वेतन पाने वाले एक्जीक्यूटिव रहे हैं। उन्हें 2011-12 के दौरान 73.42 करोड़ रुपए का सालाना वेतन पैकेज मिला। यह इससे पिछले साल से छह करोड़ रुपए अधिक है। नवीन जिंदल, जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के सीएमडी हैं। देश में लिस्टेड कंपनियों की एनुअल रिपोर्ट के विश्लेषण में यह जानकारी सामने आई है।
जिंदल के बाद सबसे अधिक वेतन पैकेज पाने वालों में सन टीवी नेटवर्क के कलानिधि व कावेरी मारन (प्रत्येक को 57.01 करोड़ रुपए) का नाम है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के सीएमडी मुकेश अंबानी 15 करोड़ रुपए सालाना वेतन के साथ सूची में 15 वें स्थान पर हैं। चार साल से उनका वेतन इतना ही है। भारती एयरटेल के सुनील मित्तल, हिंडाल्को के डी. भट्टाचार्य, जेएसडब्ल्यू के सज्जन जिंदल, अमार राजा बैटरीज के जयदेव गाला सूची में मुकेश से ऊपर हैं।

