अहमदाबाद [एजेंसी] धर्म गुरु आसाराम बापू और चार अन्य लोगों को लेकर उड़ान भर रहा एक हेलीकॉप्टर बुधवार को उतरते वक्त गिर पड़ा। हादसे में हेलीकॉप्टर सवारों को चोटें जरूर लगीं, लेकिन वे सलामत हैं। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह हेलीकॉप्टर गोधरा साइंस कॉलेज के मैदान में उतर रहा था कि इसमें तकनीकी खराबी आ गई और यह कई मीटर की ऊंचाई से सिर के बल नीचे आ गिरा। उतरने की तैयारी कर रहे विमान का संतुलन अचानक बिगड़ गया था और यह सामने की तरफ झुक गया। पायलट और आसाराम बापू को शीशे तोड़ कर निकालने के बाद नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि बापू यहां दो दिन के एक सत्संग आयोजन के लिए पहुंचे थे।

