शिवपुरी (अजय दण्डौतिया) प्रत्येक विभाग योजना मद में प्राप्त राशि का शत् प्रतिशत का उपयोग सुनिश्चित करें यह निर्देश कलेक्टर श्री आर.के.जैन ने आज कृषि, सहकारिता, वन, उद्यानिकी, हथकरघा, रेशम व आदिम जाति कल्याण विभाग के वजट राशि की समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में जिला कोषालय अधिकारी श्री जी.पी.शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि सभी विभाग अपने पूर्व निर्धारित लक्ष्य और वजट आवंटन व उपलब्धता के आधार पर राशि का सद् उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि हितग्राही मूलक योजनाओं में लक्ष्य की पूर्ति 31 जनवरी तक पूर्ण की जावे। उन्होनें शासकीय योजनाओं की राशि के अग्रिम आहरण की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के निर्देश भी कोषालय अधिकारी को दिए।
श्री जैन ने कहा कि कृषि विभाग द्वारा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को नलकूप खनन के लिए दी जाने वाली सहायता राशि का उपयोग भी इसी वित्तीय वर्ष में करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि उद्यानिकी विभाग सघन फलोउद्यान, सब्जी क्षेत्र विकास तथा मसाला क्षेत्र विकास की योमजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करे तथा कृषकों द्वारा की गई उपलब्धियों से अवगत करावें। पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को डेयरी विकास के प्रकरणों को अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के अनुदान की योजनाओं का क्रियान्वयन समय सीमा में किया जावे, जिससे गौशालाओं को समय पर अनुदान आदि प्रदाय किया जा सकें। उन्होंने सभी विभागों को वर्ष 2013-14 के लिए माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए।

