शिवपुरी (अजय दण्डौतिया)। सुभाष पुरा थाना क्षेत्र में बीते बुधवार और शुक्रवार की रात सुफाऊद्धीन की लाश एबी रोड पर एक नाले में पड़ी हुई मिली थी। इस मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लग गए हैं और संभावना जताई जा रही है कि उक्त ड्रायवर की हत्या ट्रक पर कार्य करने वाले क्लीनर द्वारा लूट करने के लिए की गई थी। फिलहाल पुलिस ने अभी इस मामले में कोई खुलासा नहीं किया है।
वहीं सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। लेकिन पुलिस अभी इस मामले को उजागर नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि कल तक इस मामले का पूरा पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
विदित हो कि फिरोजपुर झिरका मेवात हरियाणा का रहने वाला सुफाऊद्धीन खां 20 दिसम्बर की रात मैसूर से ट्रक क्रमांक एचआर 55 पी 5786 में 1 करोड़ के टायर भरकर मेवात में डिलेवरी देने के लिए अपने साथ में क्लीनर प्रेम उर्फ काण्डा गुर्जर को लेकर चला था, लेकिन मुरैना बेरियर पर उसके ट्रक का परमिट खत्म हो गया। उसके बाद सुफाऊद्धीन और प्रेम गुर्जर ने यह जानकारी कंपनी को दी। उसके बाद कंपनी ने वहां परमिट के 10 हजार रूपये जमा करने की बात सुफाऊद्धीन से कही तो उसने अपने पास 10 हजार रूपये न होते हुए मात्र 6 हजार रूपये होने की बात कंपनी से कही।
इसके बाद कंपनी ने उन्हें ट्रक वहीं छोडऩे के लिए कहा। इसके बाद 22 दिसम्बर को सिफाऊद्धीन ने मोबाइल पर पत्नी से बात की और कहा कि वह 23 दिसम्बर को अपने घर वापिस लौट आएगा, लेकिन 23 दिसम्बर को वह घर नहीं लौटा तो उसके परिजन व्याकुल हो उठे और उसके मोबाइल पर संपर्क किया। लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था। परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। लेकिन उसका कोई भी पता नहीं लगा। इसके बाद 26 और 27 दिसम्बर की रात करीब 9 बजे मेवात ढावे पर काम करने वाला जाकिर पुत्र सरसुद्धीन जो कि मृतक सुफाऊद्धीन के गांव का ही रहने वाला है। उसने सुफाऊद्धीन की लाश को नाले में पड़ा हुआ देखा और उसके पहचान लिया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर आ गई और इस मामले में हत्या सहित लूट का मामला दर्ज कर लिया।
जांच के बाद जब पुलिस फरार क्लीनर की तलाश में जुटी और क्लीनर प्रेम गुर्जर को पकड़कर उससे पूछताछ की तो उसने प्रारंभिक पूछताछ में 6 हजार की लूट के लिए सिफाऊद्धीन को मौत के घाट उतार देना कबूला। फिलहाल पुलिस का दावा है कि इस मामले से कल तक पर्दा उठा दिया जाएगा।

