शिवपुरी (अजय दण्डौतिया) करोंदी क्षेत्र में कई बीघा जमीन पर कब्जा जमाने के नियत से एक बाबा ने मंदिरों का निर्माण कर प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली है। भूमि कब्जाने के लिए धर्म और आस्था को हथियार बनाने वाले अतिक्रमणकारी बाबा से जमीन के कब्जे को लेकर आस पडोस के लोगों से विवाद हो गया। विवाद में बाबा की मारपीट भी कर डाली गई ।
पिटने से बुरी तरह गुस्साये बाबा ने पुलिस पर रिपोर्ट लिखे जाने के लिए दबाव बनाया जब पुलिस द्वारा रिपोर्ट नहीं लिखी गई तो बाबा अपने समर्थकों के साथ एसपी के बंगले पर जा धमका। एसपी के यहां हुजूम लगने की सूचना मिलने पर पुलिस बल ने बाबा और उसके समर्थकों को पुलिसिया अंदाज में चलता कर दिया। एसपी बंगले पर अपनी दाल न गलते देख गुस्साये बाबा ने अपने समर्थकों के साथ बायपास पर जाम लगा दिया।
जाम लगाकर यातायात अवरूद्ध कर रहे बाबा और उसके समर्थकों की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर जा पहुंची और उन्होंने दम से जाम हटवा दिया। जाम लगाने वाले बाबा और उसके समर्थकों के साथ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। उपरोक्त बाबा के संदर्भ में सूचना मिली है कि काफी समय से करोंदी क्षेत्र में सक्रिय बाबा ने आस-पास की भूमियों पर मूर्तियां स्थापित करके उन्हें मंदिर के नाम पर कब्जा लिया है जिससे क्षेत्र में आक्रोश है।

