इंदौर [ NI 24 ] एक्टिवा गाड़ी वाले सावधान हो जाएं ! पुलिस ने एक ऎसे नशेड़ी चोर को पकड़ा है जो सिर्फ यही गाड़ी चुराता था। उसने बताया कि इसका ताला आसानी से खुल जाता है, इसलिए वह इसे ही चोरी करता था। गाड़ी नहीं बिकती थी तो वह उसकी बैटरी बेच देता और ब्राउन शुगर खरीद लेता। पुलिस ने उससे तीन गाडियां जब्त की हैं। आरोपी शहर के प्रतिष्ठित स्कूल का स्टूडेंट रहा है लेकिन नशे ने उसे बर्बाद कर दिया।
नशा इंसान को बर्बाद कर देता है…नशा युवाओं को राह भटकता देता है… नशे की लत में परिवार बर्बाद हो जाते है… नशा इंसान को कही का नहीं छोड़ता है… ये बातें आपने कई बार सुनी और पढ़ी होंगी… लेकिन इंदौर पुलिस की गिरफ्त में आया नवीन नाम का ये शख्स इस बात का जीता जागता उदाहरण है… नवीन को पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है… शहर के सबसे प्रतिष्ठित स्कूल से पुलिस थाने तक पहुंचने की नवीन की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है… समृद्ध परिवार से जुड़ा नवीन ब्राउन शुगर का आदी हो गया था… इस वजह से पहले पढ़ाई छूटी… फिर परिवार और अंत में नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वो वाहन चोर बन गया।
छत्रीपुरा टीआई अनिरूद्ध वाधिया ने चेकिंग के दौरान नवीन को एक्टिवा चुराते रंगेहाथ पकड़ा। वह ब्राउन शुगर पीने का आदी है। उसकी आदतों से परेशान होकर घरवालों ने उसे निकाल दिया है। जब पुलिस ने उससे पूछा कि वह एक्टिवा ही क्यों चुराता है? तो बोला कि उसका लॉक आसानी से खुल जाता है। जब वह गाड़ी बिक नहीं पाती है तो वह उसकी बैटरी बेचकर नशे की व्यवस्था कर लेता है। उसने दस से अधिक गाडियां चुराना कबूल किया है, जिसमें से तीन गाडियां पुलिस ने बरामद की हैं।
पुलिस अब आरोपी का रिमांड ले रही है… जांच में जुटे अफसरों को उम्मीद है कि नवीन से पूछताछ में वाहन चोरी की कई ओर वारदातों का खुलासा हो सकेगा… लेकिन ये मामला केवल चोरी भर का नहीं है… बल्कि एक दर्दनाक कहानी है कैसे एक समृद्ध परिवार का बेटा नशे की लत में सलाखों के पीछे पहुंच गया है।

