इंदौर [ NI 24 ] में गत 28 अगस्त को ट्रेवल्स संचालक धर्मेन्द्र ठाकुर को गोली मारने के आरोप में इंदौर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मास्टर माइंड सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गोलीकांड पैसों के लेन-देन में हुए विवाद के बाद किया गया था।
गत 28 अगस्त को धर्मेन्द्र ठाकुर सुयष अस्पताल में भर्ती अपनी बीमार बहू को देखने गए थे तभी अस्पताल की पार्किंग में उन्हें गोली मार दी गई थी। धर्मेन्द्र ठाकुर को गोली मारने के आरोप में क्राइम ब्रांच ने मास्टर माइंड मनीष जुनेजा और उनके पांच शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। मनीष जुनेजा ने 15 लाख की सुपारी देकर धर्मेन्द्र पर हमला करवाया था। गौरतलब है कि मनीष जुनेजा और धर्मेन्द्र आपस में दोस्त हैं। धर्मेन्द्र को मनीष जुनेजा से पचास लाख रूपए लेना थे और उसके लिए एक सितम्बर की तारीख तय थी। मनीष यह रूपए नहीं देना चाहता था इसलिए उसने धर्मेन्द्र को रास्ते से हटाने के लिए राहिल गौड़ा, पंकज शर्मा, शब्बीर मोहम्मद, विक्की मालवीय और मनीष आमोर को 15 लाख रूपए का लालच देकर धर्मेन्द्र की ह्त्या करने के लिए तैयार किया था।
धर्मेन्द्र को गोली मारने का काम विक्की मालवीय और मनीष आमोर ने किया था। पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त दो पिस्टल भी बरामद की अभी पुलिस आरोपियों से और भी मामलों में पूछताछ कर रही है !

