मुंबई [ NI 24 ] भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने यहां दोहराया कि केंद्र सरकार को गिराने का पार्टी का कोई इरादा नहीं है और पार्टी इस मामले में नजर रखेगी और इंतजार करेगी। गडकरी ने कहा, ‘मैं सरकार की अस्थिरता के बारे में बात नहीं करना चाहता। उन्हें (कांग्रेस को) अपने गठबंधन सहयोगियों का ख्याल रखना चाहिए। हम सरकार को गिराना नहीं चाहते। हमने इंतजार करने और नजर रखने की नीति अपनाई है और हो रहे घटनाक्रमों पर नजर रख रहे हैं।
बीजेपी अध्यक्ष ने यहां एक समारोह में संवाददाताओं से कहा कि यूपीए को एकजुट रखने की जिम्मेदारी कांग्रेस की है। मध्यावधि चुनाव की संभावना की अटकलों पर सीधा जवाब नहीं देते हुए गडकरी ने कहा, ‘मैं ज्योतिषी नहीं जो मध्यावधि चुनावों की भविष्यवाणी करूं, पर यूपीए सरकार अपनी अहमियत खो चुकी है। सरकार चलाने के लिए दृष्टिकोण, निर्णय लेने का अधिकार और नेतृत्व क्षमता चाहिए जो उसमें नहीं है।

