नई दिल्ली [ इंटरनेट डेस्क ] देश में बढती हुई महंगाई और बेरोजगारी जानलेवा होती जा रही है। सरकार भले ही देश की अर्थव्यवस्था में जान फूंकने का दावा कर रही है लेकिन महंगाई और बेरोजगारी से तंग आकर लोग मौत को गले लगा रहे है ! इसी के चलते दो लोगों की खुदकुशी का मामला सामने आया हैं।
पहली घटना राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद की है, जहां लोनी इलाके में रहने वाले एक एक शख्स ने महंगाई के चलते खुदकुशी कर ली। 25 साल के भारत तोमर ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि महंगाई से परेशान होकर वह फांसी पर झूलने जा रहा है। युवक का शव उस फैक्ट्री में दोपहर सीलिंग फैन पर झूलता मिला जिसमें वह काम करता था। मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है जिसमें उसने लिखा है, ‘मैं भारत अपने होशोहवास में यह चिट्ठी लिख रहा हूं। अपनी जिंदगी से तंग आ चुका हूं। मेरे पास न ही अच्छी नौकरी और ऊपर से महंगाई से जीना मुश्किल हो गया है। मुझे इसका अफसोस है कि मैं अपने घरवालों के लिए कुछ नहीं कर सका, इसलिए मैं खुदकुशी कर रहा हूं।’ पुलिस सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग का मिलान कर रही है।
वहीं मुंबई में बेरोजगारी से परेशान एक युवती ने खुदकुशी कर ली है। 27 साल की रुपाली अंधारे दक्षिण मुंबई के फ्री प्रेस जर्नल रोड स्थित मनोरा एमएलए हॉस्टल में रहती थी। कैफे परेड पुलिस के मुताबिक शनिवार रात उसने इस हॉस्टल के कमरा नंबर बी26 में फांसी लगा ली। रुपाली एनसीपी विधायक बबनराव शिंदे के पीए दिलीप धाईगुडे की भांजी है। वह अपने मामा के साथ ही एमएलए हॉस्टल में रहती थी। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नहीं मिला है लेकिन उसके मामा का कहना है कि एमए, बीएड की डिग्री के बावजूद उसे नौकरी नहीं मिली थी जिससे वह तनाव में रहती थी।

