मुंबई [ इंटरनेट डेस्क ] पुलिस कमिश्नर डॉक्टर सत्यपाल सिंह ने माना कि कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी पर बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स पुलिस ने राष्ट्रद्रोह का जो केस बनाया, वह गलत है। श्री सिंह ने सोमवार को एनबीटी से बातचीत में कहा कि असीम का केस टेक्निकल केस है। ‘यह बहुत पुराना केस है, शायद जनवरी महीने का। शायद कोई ऐडवोकेट कोर्ट गया था। मुझे लगता है कि हमारे लोगों को उसे अरेस्ट करने की, कस्टडी मांगने की कोई जरूरत नहीं थी।
मैं मुंबई के बाहर था। मैंने सोमवार सुबह पुलिस स्टेशन में बात की कि इस मामले को इतना बढ़ाने की जरूरत नहीं थी। उसके खिलाफ राष्ट्रद्रोह का केस बनाना, मेरे हिसाब से इसकी जरूरत नहीं थी। लेकिन डॉक्टर सिंह ने सवाल भी किया। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति के नाम पर, आजादी के बहाने लोगों को लिमिट क्रॉस नहीं करनी चाहिए।
मेरे पास असीम के कार्टून को लेकर जो रिपोर्ट आई है, उस आधार पर मैं कहूंगा कि वीभत्सता के साथ कार्टून बनाना, कुछ भी करना समाज के हित में नहीं है। इसे मैं एक्सप्रेशन नहीं मानता, इसे मैं अभिव्यक्ति की आजादी नहीं मानता। ऐसी आजादी पर कुछ न कुछ नियंत्रण होना ही चाहिए।

