अहमदाबाद [ इंटरनेट डेस्क ] गुजरात के जामनगर में अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना के दो MI-17 हेलीकॉप्टर हवा में ही आपस में टकरा गए। इस हादसे में वायुसेना के 9 अधिकारियों की मौत हो गई।
हेलीकॉप्टर के मलबे स्थानीय इलाकों में बिखरे पड़े हैं। दुर्घटना में तीन लोग जख्मी हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वायुसेना अधिकारियों का कहना है कि जामनगर से करीब 20 किलोमीटर दूर सरमत गांव के निकट अभ्यास के दौरान हवा में एमआई-17 हेलीकाप्टरों के बीच टक्कर हो गई। दोनों हेलीकॉप्टरों पर वायुसेना के चार-चार अधिकारी सवार थे।
टक्कर के बाद हेलीकॉप्टरों में आग लग गई। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जामनगर के कलेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि अग्निशमनकर्मी और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

