इंदौर[ NI 24 ] सीबीआई ने पड़ोसी देवास जिले में बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच मैनेजर को एक किसान से 10,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि यहां से करीब 160 किलोमीटर दूर नेमावर में बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच में मैनेजर के रूप में पदस्थ किशोर परमार के खिलाफ क्षेत्रीय किसान कैलाश जाट ने भ्रष्टाचार की लिखित शिकायत की थी।
उन्होंने बताया कि सीबीआई ने परमार को इस शिकायत पर जाल बिछाकर रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मैनेजर किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत करीब सात लाख रुपए का कर्ज मंजूर करने के बदले जाट से रिश्वत की दूसरी किश्त के रूप में 10,000 रुपए ले रहा था। सूत्रों के मुताबिक घूसखोर बैंक मैनेजर किसान से 44,000 रुपए पहले ही हड़प चुका था। परमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। सीबीआई ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके ऑफिस और घर पर भी छापा मारा !

