भोपाल [ NI 24 ] एफडीआई के मामले में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एफडीआई का विरोध करने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस समय विदेशी निवेश मांगने गए हैं। पार्टी के नेता नितिन गडकरी ने कहा हैं कि विदेशी पूंजी लाने के लिए एफडीआई जरूरी है और पार्टी के दूसरे लोग इसका विरोध कर रहे हैं। यही भाजपा का दोहरा चरित्र है।सिंधिया ने कहा कि एफडीआई का विरोध करने वाले किसानों का नुकसान कर रहे हैं। एफडीआई से सबसे ज्यादा फायदा किसानों को ही होना है।
सिंधिया ने कहा कि भाजपा की एनडीए सरकार ने अपने शासनकाल में 28 बार पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस में वृद्धि की थी। तेल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार पर निर्भर करती हैं। इसलिए रसोई गैस के दाम बढ़ाना मजबूरी है। जब सिंधिया समर्थक नारे बाजी करने लगे तो सिंधिया ने उन्हें अनुशासन में रहने की बात कहते हुए कहा कि पत्रकारों को छोड़कर सारे समर्थक कक्ष से बाहर चले जाएं। सिंधिया के यह कहने के बाद भी समर्थक कक्ष से बाहर नहीं निकले। उनका जोश देखकर बाद में सिंधिया को यह कहना पड़ा कि दरवाजा ही बंद कर दिया जाए।

