इंदौर [ NI 24 ] विजय नगर स्थित रेनेसां कॉलेज में दो छात्रों पर प्राण घातक हमला किया गया। हमलावर हमला करके फरार हो गए। इस दौरान कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि घटना के बाद पूरे कॉलेज में भगदड़ मच गई ! हमलावर फायर करते हुए भाग निकले। हमले में भाजपा विधायक व पार्षद के भतीजों का हाथ बताया गया है। घटना की सुचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारियों ने मौके पर पहुँच कर सी सी टी वी कैमरे के फूटेज देखे !
पुलिस को घटना स्थल पर घायल छात्र का ब्ल्यू टूथ , बाइक और चश्मा पडा मिला ! पुलिस के मुताबिक घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। बी कॉम फायनल के छात्र आकाश पटेल व गुरप्रीतसिंह बग्गा पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। जाते समय आरोपी युवक फायर करते हुए निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
आकाश व गुरप्रीत ने बताया कि हमला भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के भतीजे गंपू मेंदोला व पार्षद चंदू शिंदे के भतीजे अर्पित शिंदे ने साथी पुनीत, प्रखर, केतन के साथ मिलकर किया है। एएसपी दिलीप सोनी व सीएसपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक अभी मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारी ने जवानों को मौका मुआयना करते हुए माहौल का शांत करने के निर्देश दिए। घटना के बाद कॉलेज परिसर में भगदड़ मच गई, वही कॉलेज स्टाफ भी कॉलेज के बाहर आ गया !

