इंदौर [ NI 24 ] महाराजा यशवंत राव हास्पिटल में देवास के ग्राम पटाड़ी की रहने वाली पूजा (25) प्रसूति के लिए 10 दिन पहले भर्ती हुई थीं। पहली बार सोनोग्राफी की तो उसमें चार बच्चे दिखे, लेकिन दूसरी व तीसरी बार में जुड़वां बच्चे बताए गए। गुरुवार दोपहर में ऑपरेशन के जरिये पूजा ने चार बच्चों को जन्म दिया। पूजा का पति इंदौर में रेलवे में काम करते है !
देवास के ग्राम पटाड़ी में रहने वाला यह परिवार पिछले आठ साल से संतान की आस लगाए बैठा था ! तमाम कोशिशों और इलाज के बाद भी परिवार का दामन सूना था ! लेकिन परिवार का दामन उस समय खुशियों से भर गया, जब बहू ने एक साथ चार बच्चों तीन बेटियां और एक बेटे को जन्म दिया।
एमवाय अस्पताल के लिए भी यह खास पल था। 56 साल में यहां पहली बार किसी महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया। डॉक्टरों के अनुसार दो लाख महिलाओं में से किसी एक के साथ इस तरह की संभावना होती है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी मारू ने बताया पहले चारों बच्चों को नर्सरी में रखा गया था। बाद में दो को मां को सौंप दिया गया। बच्चे के पिता राजेश पंवार की खुशी का ठिकाना नहीं है!
ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. मारू के साथ डॉ. विभा, डॉ. नियति और डॉ. प्रीति थीं। डॉ. मारू बताती हैं कि दंपती ने संतान की चाह में इलाज करवाया था। दवाइयों के कारण मल्टीपल ओवम (कई अंडाणु) बन जाते हैं। इससे जुड़वां, ट्रिपलेट (तीन) या क्वॉर्टेट (चार) बच्चों की संभावना बढ़ जाती है।

