मुंबई [TNN] लड़कियों को डांस ग्रुप के नाम पर विदेश ले जाकर उनसे जिस्मफरोशी का धंधा कराने के मनसूबे को मुंबई पुलिस की सोशल सर्विस ब्रांच के एसीपी वसंत ढोबले ने नाकाम कर दिया ! जीहाँ दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई भेजी जा रही 36 लड़कियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस को शक है कि इस अंतरराष्ट्रीय सेक्स रैकेट में एयरपोर्ट अथॉरिटी के कुछ अफसर भी शामिल हो सकते हैं।मुंबई पुलिस को सूचना मिली कि दिल्ली एयरपोर्ट से 36 लड़कियां जिस्मफरोशी के लिये दुबई जाने की फिराक में हैं। दरअसल इस गिरोह पर मुंबई पुलिस काफी दिनों से नजर रखे हुए थी। सूचना मिलने पर फौरन एक टीम दिल्ली आ पहुंची और एयरपार्ट से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीँ पकड़ी गईं 36 में से 27 लड़कियों की उम्र 22 से 27 साल के बीच है और ये सभी मुंबई से हैं जबकि, शेष लड़कियां हैदराबाद की बताई जाती हैं।
पुलिस को शक है कि इनमें से ज्यादातर लड़कियां अच्छे घरों से ताल्लुक रखती हैं ! अपने महंगे शौक को पूरा करने के लिए इन्होंने इस पेशे को चुना। पुलिस को इस बात का भी शक है कि इस अंतरराष्ट्रीय सेक्स रैकेट में एयरपोर्ट अथॉरिटी के कुछ लोग भी शामिल हो सकते हैं। कागजात की छानबीन के बिना वीजा दिलाने में मदद के बदले ये अफसर मोटी रकम वसूल करते हैं।
दलालों के चंगुल से छुड़ाई गई लड़कियों को अदालत ने मुंबई के चेंबूर सुधार गृह में भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक लड़कियों को डांस ग्रुप के नाम पर दुबई ले जाकर जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने की तैयारी थी। पुलिस के मुताबिक जांच में सख्ती के चलते सेक्स रैकेट में शामिल गैंग ने मुंबई से लड़कियों को विदेश भेजना बंद कर दिया है। मुंबई में सक्रिय गिरोह अब दिल्ली, हैदराबाद और चेन्नई के रास्ते लड़कियों को विदेश भेज रहे हैं। फिलहाल इस बड़े रैकेट को पकड़ने के बाद मुंबई पुलिस को उम्मीद है कि गैंग में शामिल बड़ी मछलियां भी जल्द ही उसकी गिरफ्त में होंगी।

