भोपाल [ इंटरनेट डेस्क ] गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा है कि महिलाओं के साथ अपराध करने वालों के शस्त्र लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द किए जाएंगे और उनके पासपोर्ट भी नहीं बनेंगे। उन्हें शासकीय नौकरी पर भी नहीं रखा जाएगा।गुप्ता ने मंत्रालय में अधिकारियों की बैठक में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कॉल सेंटर की स्थापना और बडे़ शहरों के चौराहों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए अतिशीघ्र कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि कॉल सेंटर की शिकायत की सूचना तुरंत संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक व संबंधित थाना प्रभारी को दी जाए। गृह मंत्री ने संचालक मेडिको लीगल संस्थान को निर्देशित किया कि महिलाओं संबंधी अपराध के परीक्षण में डॉक्टरों को संभाग स्तर पर प्रशिक्षण दिलवाएं। गृह मंत्री ने कहा कि सभी जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक जनसमस्या अभियान चलाएं। इसमें स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों को शामिल करें। उन्होंने सभी गाड़ियों से काली फिल्म हटवाने के निर्देश भी दिए।

