नई दिल्ली [इंटरनेट डेस्क ]। गैंगरेप पीड़िता को न्याय दिलाने को लेकर राजपथ पर हिंसक प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर रविवार को एक बार फिर लाठीचार्ज किया गया, आंसू गैस के गोले दागे गए और पानी का बौछार किया गया। हालांकि धारा 144 लागू होने के बावजूद प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को शांति प्रदर्शन की इजाजत दी थी, लेकिन कुछ छात्राओं को जबरदस्ती पीछे धकेलने को लेकर हुई कहासुनी के बाद भीड़ उत्तेजित हो गई।
इस बीच मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र और सांसद संदीप दीक्षित के इंडिया गेट पहुंचने पर उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें वहां से निकाला। दिल्ली से एनसीआर की ओर जाने वाली सड़कों के सभी बॉर्डर पर पुलिस द्वारा हर वाहन की सघन जांच के कारण जाम लग गया है।
इंडिया गेट पर सुबह से ही युवाओं का हुजूम उमड़ने लगा है। उनसे निपटने के लिए बड़ी तादात में पुलिस बल भी वहां तैनात है। आलम यह है कि इंडिया गेट के आसपास पुलिस ही पुलिस नजर आ रही है। राजपथ पर विजय चौक तक पुलिस की नाकेबंदी व कड़ी सुरक्षा है। किसी को भी इंडिया से आगे राष्ट्रपति भवन की तरफ बढ़ने नहीं दिया जा रहा है। इंसाफ के खिलाफ लगातार सातवें दिन जंग लड़ रहे युवा, छात्र, छात्राएं कह रहे हैं कि हम दंगाई नहीं, बलवा करने वाले नहीं, हम तो महिलाओं की सुरक्षा पुख्ता करने की मांग कर रहे हैं, आगे से गैंगरेप जैसी वारदात ना हो इसके लिए कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी कह रहे हैं, दुष्कर्म से संबंधित मौजूदा कानून में संशोधन करो, इंसाफ जल्दी करो, कड़े कदम उठाने में इतनी देरी क्यों? इंडिया गेट से प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने बसों की व्यवस्था कर रखी थी। कुछ प्रदर्शनकारियों को लाठी के बल पर पुलिस बस के अंदर धकेलने में भी सफल रही। लेकिन यह नजारा देख युवतियां पुलिस से भिड़ गई। कुछ छात्राएं सर्दी व कपड़ों की परवाह किए बिना बसों के पहियों के नीचे तक घुस गई। छात्राओं ने बस के पहियों की हवा निकाल दी। इस दौरान जो सबसे बड़ी बात हुई वह यह कि युवतियों को पुरुष पुलिसकर्मी उठा-उठाकर फेंक रहे थे। उन पर लाठियां बरसा रहे थे। इसके बाद प्रदर्शनकारी फिर भड़क गए और
पुलिसबल पर पत्थर फेंकने लगे। इसके बाद पुलिस ने फिर एक बार आंसू गैस के गोले दागे और पानी फेंककर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। दूसरी तरफ, सोनिया गांधी के आवास पर पांच छात्राओं का एक दल को बातचीत के लिए बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि छात्राओं से बात करने राहुल गांधी भी पहुंचे हैं। छात्राओं ने सोनिया को 13 सुझाव दिए हैं। इस बात की पुष्टि करते हुए गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह ने कहा कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। सुझाव में कानून में बदलाव, गैंगरेप के दोषियों को फांसी की सजा जैसी बातें कही गई हैं।

