इंदौर [ NI 24 ] हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को मिली जीत को लेकर इंदौर में कांग्रेसियों ने जमकर नारे बाजी करते हुए आतिशबाजी की और जीत का जश्न मनाया । इस मौके पर कांग्रेसियों ने मिठाई भी बांटी । मंडी चुनाव होने से काफी भीड़ वहां मौजूद थी कांग्रेसियों द्वारा की जा रही आतिशबाजी से जनता की जान को भी ख़तरा था ।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत के मौके पर कांग्रेसी जश्न में इतना डूब गए की उन्हें जनता की जान का भी ख्याल नहीं रहा । कांग्रेसियों ने यह जश्न इंदौर के लक्ष्मी बाई नगर चौराहे पर मनाया । यहाँ उस समय मंडी चुनाव में मतदान करने के लिए लोगों और वाहनों की कतार लगी हुई थी । जिससे कांग्रेसियों द्वारा की जा रही आतिशबाजी से कोई बड़ा हादसा होने की सम्भावना भी थी । कांग्रेसियों द्वारा छोड़े गए पटाखे सड़क से गुजर रहे वाहनों के नीचे फूटे तो कहीं उचककर लोगों के कपड़ों पर गिरे लेकिन इन्हें रोकने की जेहमत किसी ने भी नहीं उठाई और वे लगातार लोगों के बीच आतिशबाजी करते रहे और जश्न मनाते रहे । इस जश्न में शहर के कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन सहित शहर के कई बड़े नेता भी मौजूद थे ।

