मुंबई [ इंटरनेट डेस्क ] बांद्रा मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत मंगलवार को दिवंगत सुपर स्टार राजेश खन्ना की लिव-इन पार्टनर अनीता आडवाणी की याचिका पर सुनवाई करेगी। अनीता ने याचिका दायर कर राजेश खन्ना के परिजनों पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था।
अदालत ने अनीता की याचिका पर राजेश खन्ना की पत्नी डिंपल कपाड़िया, दामाद और अभिनेता अक्षय कुमार और बेटियों ट्विंकल तथा रिंकी को नोटिस जारी करने का आदेश दिया था। याचिका में अनीता ने राजेश खन्ना के आलीशान बंगले आशीर्वाद पर भी अपना हक जताया है और दस लाख रुपये मासिक गुजारा भत्ते की माग की है।
अनीता ने दावा किया है कि काका की कुल संपत्ति 500 करोड़ रुपये की है। अनीता ने दावा किया है कि उनके और राजेश के बीच करीब 33 वर्षो तक संबंध रहे। उनके पास आशीर्वाद में अभिनेता के साथ बिताए कुछ निजी क्षणों की तस्वीरें और वीडियो भी हैं, जिसमें उन्होंने राजेश की पसंद के कपड़े पहने थे और करवाचौथ का व्रत भी रखा था।
इस महीने की शुरुआत में अनीता ने बाद्रा की मजिस्ट्रेट कोर्ट में राजेश की पत्नी डिंपल कपाड़िया, बेटी ट्विंकल राजीव भाटिया [ट्विंकल खन्ना], रिंकी सरन [रिंकी खन्ना] और दामाद अक्षय कुमार [ट्विंकल के पति] के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है। इससे पहले गत जून में उन्होंने खन्ना परिवार को कानूनी नोटिस भेजा था। शिकायत में कहा गया है राजेश ने पहली ही मुलाकात में अनीता को गले लगाकर उनका चुंबन लिया था। वह उस समय 13 साल की थी। इसके बाद खन्ना ने उनका शारीरिक शोषण भी किया।
राजेश खन्ना ने अनीता से अपने संबंधों को गोपनीय रखने का आग्रह किया था क्योंकि इससे फिल्म इंडस्ट्री में उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता था। उस समय अनीता ने उनकी बातें मान ली क्योंकि वह उनके प्यार में पागल थी। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए अनीता जयपुर चली गई और उन्होंने अपने अतीत को भुलाने की कोशिश की, लेकिन ऐसा हो नहीं सका। कुछ साल बाद जब वह वापस मुंबई आईं तो उन्होंने राजेश से अपने संबंधों के बारे में सवाल किए। राजेश ने उन्हें सब भूल जाने और उनके साथ रहने का प्रस्ताव रखा। राजेश ने वादा किया था कि वह अपने रिश्ते को सार्वजनिक करेंगे।
अनीता ने अदालत से खन्ना परिवार को राजेश की संपत्ति को अदालत की अनुमति के बिना न बेचने के लिए निर्देश देने को कहा है। वह राजेश की इच्छा के अनुसार आशीर्वाद को म्यूजियम बनाना चाहती हैं।
अनीता की याचिका पर 9 नवंबर को न्यायाधीश एसएस देशपांडे ने संबंधित पार्टियों को नोटिस भेजकर 27 नवंबर तक जवाब मागा था। अनीता ने कहा कि मैंने जो भी दावे किए हैं उसके सबूत मेरे पास हैं। मैं अदालत की सुनवाई का इंतजार कर रही हूं।

