इंदौर [ NI 24 ] बायपास स्थित ओमेक्स सिटी (पार्ट-1) में रविवार रात रईसजादों ने जमकर उत्पात मचाया। शराब के नशे में धुत युवक-युवतियों ने खूब हंगामा किया। उन्होंने परिसर में ही कार रेसिंग की। इस दौरान एक गाड़ी (पजेरो) गार्ड रूम में जा घुसी जिससे दो गार्ड घायल हो गए।
घटना रात करीब 12 बजे की है। टाउनशिप के क्लब में रविवार रात शराब पार्टी थी जिसमें रहवासियों के अलावा बाहरी लोग शामिल थे। रात नौ से दो बजे तक चली पार्टी में करीब एक हजार लोग शामिल हुए। तेज साउंड में बज रहे डीजे पर नशे में धुत युवा बहकते रहे। नशा ज्यादा होने पर कई युवतियां टाउनशिप परिसर में गिर गई ! अचानक कुछ युवाओं ने मैदान में कार रेसिंग शुरू कर दी। इसमें पजेरो (एमपी 09 सीडी 1041) मेनगेट पर गार्ड रूम में जा घुसी जिससे गार्ड गुड्डा गुप्ता व मुकेश लोधी घायल हो गए।
गनमैन गुड्डा गुप्ता गाड़ी के नीचे आ गया और उसके दोनों पैर टूट गए। सिक्युरिटी इंचार्ज धनसिंह के मुताबिक पजेरो में दो युवतियां व दो युवक थे। आरटीओ की वेबसाइट के मुताबिक यह गाड़ी बी-190, एमआईजी कॉलोनी निवासी निशा मेहता के नाम से रजिस्टर्ड है। मुकेश व गुड्डा गनमैन विनोद दुबे, राजकुमार व रामजी के साथ ड्यूटी कर रहे थे। गार्ड साथियों को संभालने लगे तो चालक गाड़ी लेकर भाग गया। इस दौरान गाड़ी की नंबर प्लेट गिर गई। गुड्डा को अस्पताल में भर्ती किया गया। कॉलोनी के बाहर टहलकर लौट गई पुलिस- कॉलोनी में देर रात तेज आवाज में डीजे बजने से लोग परेशान हो गए।
रहवासी मधुसूदन ने एसपी ओ.पी. त्रिपाठी को शिकायत की। एसपी ने लसूड़िया थाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ देर बाद पुलिस जवान पहुंचे और कॉलोनी के बाहर टहलकर लौट गए।
मधुसूदन के मुताबिक डीजे का साउंड इतना तेज था कि घरों की दीवारों में कंपन होने लगा था। पुलिस को कई बार फोन किया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। टाउनशिप के जनरल मैनेजर रमेश चंद्रा के मुताबिक क्लब हर्ष होलकर को लीज रेंट पर दिया है। बताया जाता है उसी ने पार्टी आयोजित की थी।

