इंदौर [ NI 24 ] राजनगर निवासी राजकुमार कुमावत की बेटी निकिता उर्फ निक्की की 28 नवंबर को शादी है। शनिवार तक पूरा परिवार शादी की खुशी में डूबा था लेकिन शाम को निकिता के इकलौते भाई कौशल उर्फ निशु की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी मौत के बारे में सिर्फ पिता और उसके मामा को पता था। दोनों ने कौशल की मां और दोनों बहनों को बताया था कि उसका इलाज चल रहा है। उसकी मौत से अनजान मां-बहनों समेत अन्य परिजन रातभर उसकी सलामती की दुआ मांगते रहे।
रविवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद कौशल का शव घर लाया गया तो घरवालों के होश उड़ गए। उसकी मां-बहनों को तो कुछ समझ नहीं आया। वे शव से लिपटकर रोने लगीं। वे बार-बार बेहोश होती रहीं। इधर, पिता भी निढाल हो गए। मेहमान व कॉलोनी के लोगों ने पूरे परिवार को संभाला। चचेरे भाई ने पंचकुइया मुक्तिधाम में कौशल को मुखाग्नि दी।

