नई दिल्ली [ इंटरनेट डेस्क ] ओडिशा के बालासोर जिला स्थित चांदीपुर के परीक्षण रेंज से गुरुवार को स्वदेश निर्मित व परमाणु-क्षमता संपन्न बैलिस्टिक मिसाइल पृथ्वी-2 का सफल परीक्षण किया गया। (आईटीआर) के परिसर नंबर 3 से यह परीक्षण किया गया। इस मिसाइल की 350 किलोमीटर दूरी तक की मारक क्षमता है।
आईटीआर के निदेशक एम वी के वी प्रसाद ने कहा कि यह परीक्षण सफल रहा। भारतीय सशस्त्र बलों ने यह परीक्षण किया। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के वैज्ञानिक परीक्षण पर नजर रखे हुए थे। प्रसाद ने मिसाइल की क्षमताओं के बारे में बताया। पृथ्वी देश की पहली स्वदेश निर्मित बैलिस्टिक मिसाइल है। यह देश के एकीकृत निर्देशित मिसाइल विकास कार्यक्रम (आईजीएमडीपी) के तहत विकसित की गई पाच मिसाइलों में से एक है। यह मध्यम-दूरी की मारक क्षमता वाली मिसाइल है, जो 483 सेकेंड में अपने लक्ष्य तक पहुंच सकती है। यह 43.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक मार कर सकती है और 500 किलोग्राम भार का मुखास्त्र वहन कर सकती है।

