बालाघाट [TNN] मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान के साले एवं पूर्व भारत स्काऊट गाइड कमीश्नर संजय सिंह पिछले पांच वर्षो से बालाघाट जिले में कभी अपने पर्वो के अवसर पर दिये जाने वाले शुभकामना संदेश के फ्लेक्स होर्डिंग तो कभी जिले में दाईयों के सम्मेलन, तो कभी प्राइवेट स्कूल के टीचरों की समस्याओं को लेकर आदि आदि तरह के कार्यो के माध्यम से जिले में अपनी राजनीतिक जमीन तलाशनें की कोशिश करने वाले संजय सिंह को लेकर आम तौर पर यह धारणा बन गई थी यह कांग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं के करीब है और उनके अप्रत्यक्ष मार्गदर्शन में ही बालाघाट में अपना मिशन चला रहे है ।
दूसरी ओर कुछ लोगों का कहना था कि यह अपने जीजाश्री के नाम के प्रभाव में अपने व्यवसाय का विस्तार करने के दृष्टिकोण से अपनी सक्रीयता बनाये हुए है । उनकी सक्रीयता को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भीतर भी जिले में अनेक तरह के विचारधाराएं बहती रही है । कुछ लोगों को यह भी लगने लगा कि संजय सिंह की सक्रीयता से उनका राजनीतिक कद छोटा हो रहा है । ऐसे लोगों ने गाहे बगाहे यह तक कहने में कमी नहीं छोड़ी की संजय सिंह राजनीति में एक इनोसेंट चाईल्ड अर्थात अपरिपक्क बच्चा है ।
कांग्रेस के लोग उनसे इसलिये जुड़ते हुए नजर आये क्योंकि वह केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ के बेहद निकट माने जाते रहे है । इन सभी बातों के चलते संजय सिंह ने कभी अपनी खुलकर राजनीतिक महत्वकांक्षा को उजागर नहीं किया पर एक सदे हुए राजनीतिक की तरह उन्होंने शहर में अपना निवास स्थान निष्चित किया फिर बालाघाट में अपना मतदाता परिचय पत्र एंव आधार कार्ड बनवाया और बाकायदा सहपरिवार विधानसभा, लोकसभा एवं नगर पालिका में नगर के एक मतदाता के रूप में अपना वोट भी दिया । परन्तु लोगों में यह जिज्ञासा हमेशा देखी गई कि उनका बालाघाट के प्रति इतना प्रेम क्यों ? वह भाजपा के स्थापित नेता के परिवार के प्रतिनिधित्व करते है फिर उनका झुकाव कांग्रेस की ओर क्यों ?
चर्चाओं के यह दौर निरंतर चलता ही रहा पर आलोचनाओं के बाद भी संजय सिंह बालाघाट और सिवनी में अपने आप को लोगों की जुबान पर चढ़ाने में सफल रहा । अतंतः हाल ही में संजय सिंह के विभिन्न पर्वो पर प्रकाशित किये जाने वाले जो होर्डिंग आये उसमें यह स्पष्ट हो गया कि वह भाजपा परिवार के ही सदस्य है । क्योंकि होर्डिंग में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान, प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा, सहकारिता मंत्री गौरीशंकर बिसेन, प्रदेश महासचिव संगठन मंत्री अरविंद मेमन के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश भटेरे की फोटो यह दर्शाती है कि आगामी वर्ष होने वाले चुनाव में संजय सिंह किसी विधान सभा सीट या लोक सभा से चुनाव लड़े अथवा नहीं पर वह भाजपा के लिये चुनाव प्रचार में खुलकर भाग लेगें और पार्टी संगठन उनके कंधों पर जो भी जिम्मेदारी देगी उसका वह सफलतापूर्वक निर्वाहन करेगें ।
इस संबंध में जब संजय सिंह से चर्चा कि गई तो उनका कहना था किसी बड़े राजनीतिक परिवार का सदस्य होना कोई गुनाह तो नहीं । वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में आरोप प्रत्यारोप का सामना करना राजनीतिक परिवार के लोगों के लिये आम बात है । कौन मुझे क्या कहता है, क्या समझता है यह उसका अपना दृष्टिकोण है मुझे इसकी गहराई में जाने की आवश्यकता नहीं है । मुझे संगठन जो जिम्मेदारी सौंपेगा उसे मैं संगठन की मंशा के अनुरूप पूर्ण करने का प्रयास करूंगा । चूंकि बालाघाट के निकट गोंदिया मेरा गृह निवास क्षेत्र है व्यक्ति का जन्म स्थान कंही भी हो सकता है पर कर्मभूमि निष्चित नही होती ।
इस कारण बालाघाट के प्रति मेरा लगाव प्रारंभ से ही रहा है और ये मेरी कर्म भूमि है । मैंने समय समय पर जागरूक नागरिक के दृष्टिकोण से जिले के प्रगति में सहयोग करने वाले मुद्दों को सकारात्मक दृष्टिकोण से उठाकर शासन प्रशासन का ध्यान उस ओर केन्द्रीत करने में कोई कमी नहीं छोडा। जिले में पार्टी के सर्वमान्य नेता सहकारिता मंत्री गौरीशंकर बिसेन के मार्गदर्शन में मैं अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाहन करूंगा । राजनीति मेरे लिये नया क्षेत्र नहीं है । विगत दो दशकों से मैं इस क्षेत्र में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से संक्रीय रहा हॅू ।

