इंदौर [ NI 24 ] शहर में गुंडा विरोधी अभियान में गुंडों को पकड़ने के लिए सीएसपी राजेश दंडोतिया ने पांच टीमें बनाईं जिनके साथ उन्होंने परदेशीपुरा व बाणगंगा इलाके में सर्चिग की। सुपर कॉरिडोर पर पुलिस को तीन लुटेरे हाथ लगे जो राहगीरों की आखों में मिर्च झोंककर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।
जब सीएसपी राजेश दंडोतिया बाणगंगा टीआई के साथ टीम लेकर गुंडों की तलाश में सुपर कॉरिडोर पहुंचे। वहां घात लगाए बैठे तीन बदमाशों को पुलिस टीम ने हिरासत में लिया उनके पास से बाइक, मिर्च पावडर और खटकेदार चाकू मिले जिन्हें बरामद कर लिया गया है। सीएसपी ने बताया पकड़े गए आरोपियों का नाम घनश्याम जाट, राजपाल पंवार और संजय जाट है। तीनों क्षिप्रा थाना क्षेत्र के सयाना गांव के रहने वाले हैं। इनसे लूट व अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
बाणगंगा टीआई ने बताया जो बाइक मिली है उसकी भी छानबीन चल रही है कि ये इनकी है या किसी और से लूटी या चुराई गई है। बाइक नंबर पर मिट्टी पोत रखी थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया वे बाइक में पेट्रोल खत्म होने का बहाना कर वहां आने-जाने वाले कार या किसी बाइक वालों को रोकते और फिर चाकू अड़ाकर लूटने वाले थे। वहीं परदेशीपुरा टीआई एएच खान ने भी अपने क्षेत्र में गुंडा पकड़ो अभियान चलाया।
सीएसपी राजेश दंडोतिया ने बताया तीनों आरोपियों से शॉपिंग मॉल का एक बिल मिला है। इससे पता चला कि उन्होंने साढ़े पांच हजार रुपए के कपड़े खरीदे थे। उनके पास इतने रुपए होने के कारण शक है कि कहीं आरोपियों ने लूट या चोरी तो नहीं की। पुलिस इस बिंदु पर पूछताछ कर रही है।
साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि बाणगंगा में चार सटोरिए पकड़े गए। उनके नाम नीलेश, सचिन, नरेंद्र और देवीलाल हैं। उनसे मोबाइल, चार हजार रुपए व हजारों रुपए की सट्टा पर्ची मिली है।
परदेशीपुरा टीआई ने बताया कि उन्होंने कुलकर्णी का भट्ठा से आशीष पाल, प्रवीण चौकसे, समीर बंबइया और विक्की उर्फ गिरधारी को पकड़ा। उनके पास से चाकू मिले हैं। विक्की पर चार अपराध दर्ज हैं।
सीएसपी रूपेश द्विवेदी और पंढरीनाथ टीआई ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में अभियान के तहत डॉमिनेशन मार्च निकाला। सीएसपी ने बताया पंढरीनाथ, बांबे बाजार और नया पीठा में टीम पहुंची थी। क्षेत्र में घूमता हुआ एक जिलाबदर गुंडा पकड़ाया है जिसका नाम दगा उर्फ दगडू पिता प्रकाश मराठा निवासी सीपीनगर है। वह जून से जिलाबदर था। उस पर ज्यादती व अपहरण सहित आठ मामले दर्ज हैं।

