इंदौर [ NI 24 ] पिछले दिनों हातोद थाना क्षेत्र में हुई युवक की ह्त्या के मामले में क्राइम ब्रांच ने मृतक की पत्नी के प्रेमी को गिरफ्तार किया है ! उसने प्रेमिका के साथ साजिश रच पति को खेत में ले जाकर मार डाला था ! पुलिस ने आरोपी तथा युवक की पत्नी को भी षड्यंत्र का आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया है कि एमजी रोड क्षेत्र के नाले में मृत मिले बैंककर्मी को इस हत्याकांड की जानकारी थी। पुलिस को शक है कि आरोपियों ने उसे भी मारा होगा।
एसपी डॉ. आशीष ने बताया 31 जुलाई को ग्राम जंबूड़ी हप्सी रोड पर सुदर्शन गुप्ता नामक व्यक्ति के खेत के सामने दिनेश पिता बाबूलाल की लाश मिली थी। उसके शरीर पर चाकू से कई वार किये गए थे ! क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच की तो खुलासा हुआ दिनेश की पत्नी बेबीबाई का मनोज पिता महेश निवासी जूना रिसाला से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। पुलिस की जांच में आरोपी वही निकला ! पूछताछ में उसने बताया हत्या की साजिश उसने व बेबीबाई ने मिलकर रची थी। दिनेश को उनके बारे में पता चल गया था। वह अकसर बेबीबाई से विवाद करता था। 30 जुलाई को मनोज अपने साथ दिनेश को बाइक पर ले गया व जमकर शराब पिलाई फिर घटनास्थल पर ले जाकर हत्या कर दी।
क्राइम ब्रांच एएसपी जितेंद्रसिंह ने बताया कि पिछले दिनों रामबाग मुक्तिधाम के पास नाले में विक्रम उर्फ विक्की पिता अनिल डागर निवासी ऊषा फाटक की लाश मिली थी। वह एक निजी बैंक में मेसेंजर का काम करता था। विक्रम की दोस्ती बेबीबाई की बेटी से थी। बेबीबाई ने बताया विक्रम को दिनेश की हत्या का राज पता था। इस बात का खुलासा होने के बाद पुलिस का शक है कि बेबी और मनोज ने ही मिलकर विक्रम की भी हत्या की है, लेकिन आरोपी इनकार कर रहे हैं। टीआई जयंत राठौर ने बताया बेबीबाई के चार बच्चे हैं। वह दो साल से मनोज के संपर्क में थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हातोद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बेबीबाई को विक्रम से बेटी की दोस्ती पसंद नहीं थी। यह भी एक बिंदु है, जिसके आधार पर पुलिस को शक है कि उसने विक्रम को मरवाया। हालांकि विक्रम की पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना पता चला है। पुलिस नए सिरे से विक्रम की मौत के प्रकरण की जांच कर रही है।

