इंदौर। मप्र क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के चुनाव को लेकर होलकर क्रिकेट स्टेडियम पुलिस छावनी बन गया है। सुबह से ही यहां काफी पुलिसकर्मी स्टेडियम व उसके आसपास तैनात हो गए। पुलिस फिलहाल स्टेडियम की ओर जाने वाले आम लोगों को रोक भी रही है।
स्टेडियम के बाहर ज्योतिरादित्य सिंधिया व कैलाश विजयवर्गीय समर्थकों का हुजूम लगा हुआ है ! दोनों के समर्थकों को न्यायालय के फैसले का भी इंतजार है। यदि ये 20 सदस्य पात्र हो जाते हैं तो सिंधिया गुट को फायदा होने की संभावना जताई जा रही है । स्टेडियम के अवाला बाहरी दीवारों पर भी कैमरे लगाए गए हैं। मतदान कक्ष सहित सभी जगहों में सुरक्षा की दृष्टि से कुत्तों को भी घुमाया गया।
स्टेडियम की ओर जाने वाले सभी मार्गो में पुलिस नजर रखे हुए है। इन मार्गो पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। रविवार के चुनावी मैच के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सिद्धांतवादी पैनल और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मां अहिल्या पैनल से मैदान में हैं।
होलकर स्टेडियम में सुबह 10 बजे होने वाली एजीएम में सात मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें सितंबर-2011 में हुई एजीएम के मिनिट्स मंजूर करना, वार्षिक रिपोर्ट मंजूर करना, अकाउंट स्टेटमेंट्स को मंजूरी, साल 2012-13 का बजट, नए वित्तीय वर्ष के लिए ऑडिटर नियुक्ति व पदाधिकारियों व कार्यकारिणी चुनाव और अन्य मुद्दे शामिल हैं।
दोनों पैनल की ओर से कार्यकारिणी उम्मीदवार मैदान में है
सिंधिया पैनल – व्यक्तिगत कार्यकारिणी के चार पदों के लिए सैयद गुलरेज अली, विनोद नारंग, संदीप मुंगरे, पंकज पाण्डेय और संस्थागत कार्यकारिणी के चार पद के लिए सीसीआई, स्टार क्रिकेट क्लब, सिंधिया स्कूल व यंगमैन क्रिकेट क्लब !
विजयवर्गीय पैनल – व्यक्तिगत कार्यकारिणी के लिए सुमन कमानी, विजय बडजात्या, विजय भाया व आशुतोष नाइक और संस्थागत पदों के लिए एमवायसीसी, इंदौर स्पोटर्स, अपेक्स क्रिकेट क्लब व खालसा हायर सेकंडरी।
चुनावों में हमेशा सक्रिय भागीदारी करने वाला होलकर घराना भी शनिवार को शहर आ गया है ! उषा राजे मल्होत्रा पति सतीश मल्होत्रा के साथ दोपहर में श्री सिंधिया ने लंच लिया और चुनाव की रणनीति तय की। संभव है कि श्री मल्होत्रा अगस्त 2010 की एजीएम की तरह रविवार की एजीएम में भी उद्बोधन दें। वरिष्ठ सदस्य रिचर्ड होलकर के भी रविवार को चुनाव में शिरकत करने की खबर है।
MPCA चुनाव को लेकर प्रशासन ने जंजीरवाला से लेंटर्न चौराहा तक दिनभर ट्रैफिक प्रतिबंधित कर दिया है !
रविवार को जंजीरवाला से लेंटर्न चौराहा तक यातायात बंद रखा जाएगा। लेंटर्न चौराहा से आने वाले वाहनों को भी मालवा मिल चौराहा की तरफ मोड़ दिया जाएगा ! इस दौरान रेसकोर्स रोड भी बंद रहेगा। जंजीरवाला चौराहा की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए विवेकानंद स्कूल (पंचम की फेल) में पार्किग रहेगी। लेंटर्न चौराहा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जीएसआईटीएस कॉलेज में पार्किग रहेगी। रेसकोर्स रोड पर सिर्फ पास प्रदान किए वाहनों को ही जाने दिया जाएगा। चुनाव में भाग लेनेवालों (पास धारक) के वाहन आईडीए के पास रोकेंगे। बास्केटबॉल परिसर में पार्किग रहेगी। :बुजुर्ग पदाधिकारी व सदस्यों के लिए फेरी वाली गाड़ियां रहेंगी, जो उन्हें स्टेडियम गेट तक छोड़ेगी। मीडिया के लिए अभय प्रशाल में वाहन पार्किग की अलग से व्यवस्था रहेगी।

