हैदराबाद [ NI 24 ] भारत और न्यू जीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टैस्ट मैच के पहले दिन भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 307 रन बना लिए। हैदराबाद टेस्ट का पहला दिन चेतेश्वर पुजारा के नाम रहा। अपना चौथा टेस्ट मैच खेल रहे पुजारा ने दिन का खेल खत्म होने तक नाबाद रहते हुए 119 रन बनाए। गौरतलब है कि भारतीय टीम 16 साल में दूसरी बार राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण के बिना खेल रही है, जो संन्यास ले चुके हैं।
भारत जब टॉस जीतकर पहले बैटिंग के लिए उतरा तो गौतम गंभीर (22) ने क्रिस मार्टिन को फाइन लेग में चौका जड़कर अच्छी शुरुआत के संकेत दिए। वीरेंद्र सहवाग (47) ने सावधानी के साथ आगाज किया, लेकिन जल्दी ही न्यू जीलैंड के अनुभवहीन फास्ट अटैक की धुनाई शुरू कर दी। दोनों ने पहले घंटे में उछाल लेती पिच पर आसानी से कीवी बोलरों का सामना किया। लेकिन पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़ने के बाद दोनों जल्द ही पवेलियन लौट गए। गंभीर चौका लगाने की कोशिश में, ट्रेंट बोल्ट की बॉल पर विकेटकीपर क्रूगर वॉन विक को कैच थमा बैठे। इसके तुरंत बाद सहवाग को पहली स्लिप में जीवनदान मिला, जब वॉन विक और रोस टेलर के बीच गलतफहमी से कैच छूट गया। लेकिन सहवाग इस मौके का ज्यादा फायदा नहीं उठा सके। मार्टिन गुप्टिल को दूसरी स्लिप में आसान कैच देकर वह पविलियन लौटे।
सचिन तेंडुलकर 19 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे थे। वहीं, पुजारा को द्रविड़ के फेवरिट स्थान, तीसरे नंबर पर ही बैटिंग के लिए भेजा गया था। एक साल से भी ज्यादा समय के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने वाले पुजारा सचिन तेंडुलकर (19) के आउट होने के बाद किसी तरह की परेशानी में नहीं दिखे।
लंदन में घुटने का ऑपरेशन करवाने के बाद मैदान पर लौटे सौराष्ट्र के इस बैट्समैन ने कोहली के साथ भारतीय पारी संवारने का बीड़ा उठाया। वहीं, विराट कोहली भी हाफ सेंचुरी जड़ने में कामयाब रहे। उन्होंने टीम के लिए महत्वपूर्ण 58 रन जोड़े। सुरेश रैना कुछ खास नहीं कर सके और महज 3 रन बनाकर चलते बने। दिन का खेल खत्म होने तक पुजारा 119 और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 29 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर खेल रहे थे।

