नई दिल्ली [ इंटरनेट डेस्क ] सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल ने देश के दो बडे़ नेताओं के खिलाफ छह अक्टूबर को बड़ा खुलासा करने का ऐलान किया है। केजरीवाल ने यहां अपनी नई पार्टी की रूपरेखा और दृष्टिपत्र की घोषणा के अवसर पर कहा कि उनकी टीम छह अक्टूबर को देश के दो बडे़ मंत्रियों के खिलाफ बड़ा खुलासा करने वाली है। केजरीवाल ने कहा कि विभिन्न राज्यों में उनकी टीमें तैयार हैं और वहां भी नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ पोलखोल अभियान चलाया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि देश के भीतर धर्मयुद्ध शुरू हो चुका है और जनता को इसमें शामिल होने के लिए आगे आना चाहिए।
केजरीवाल ने पार्टी की घोषणा करते हुए कहा कि आज देश में जनतंत्र नहीं है। ये मेरी पार्टी नहीं लोगों की पार्टी हैं। जनता से पूछकर फैसले लिए जाएंगे और जनता की जरूरतों के हिसाब से ही पैसे खर्च होंगे। टीम केजरीवाल ने दिल्ली में बिजली और पानी की बढ़ी दरें कम करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि तीन नवंबर तक इनमें कटौती नहीं की गई तो 4 नवंबर को मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के आवास का घेराव किया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि सात अक्टूबर को दिल्ली विधानसभा के 62 क्षेत्रों और दिल्ली नगर निगम के 114 वार्डों में बिजली और पानी के बिलों की पर्चियां जलाई जाएंगी। अरविंद ने कहा कि हम चुनाव लड़कर दिखाएंगे। ये पार्टी नहीं आंदोलन है।
पार्टी द्वारा जारी किए गए एजेंडे के अनुसार किसी भी परिवार के दो सदस्य चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। जनता की मर्जी के बगैर भूमि अधिग्रहण नहीं होगा। पार्टी का सांसद या विधायक न तो सुरक्षा लेगा, न बड़े सरकारी बंगले में रहेगा। राजनीति में भ्रष्टाचार से दूर रहेगा। पार्टी पदाधिकारियों पर शिकंजे के लिए आतंरिक लोकपाल बनाया गया है। केंद्र और राज्य दोनों ही स्तर पर लोकपालों की नियुक्ति की जाएगी। केंद्र में सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज को लोकपाल बनाया जाएगा तो राज्य में हाईकोर्ट के रिटार्यड जज लोकपाल की भूमिका में रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों ने जनता को धोखा दिया है, सभी राजनीतिक दल एक जैसे हैं।

