नई दिल्ली [ NI24 ] रामलीला मैदान में ब्लैक मनी और भ्रष्टाचार के खिलाफ पिछले 5 दिनों से अनशन पर बैठे योगगुरु बाबा रामदेव समर्थकों के साथ 11 बजे गिरफ्तारी देंगे। सूत्रों के मुताबिक, वह अपने समर्थकों के साथ संसद की ओर कूच करेंगे। बाबा ने समर्थकों को सामान पैक करने के लिए कह दिया है। बाबा के समर्थकों को रोकने और 15 अगस्त के मद्देनजर पुलिस ने भी सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया है। संसद की ओर जाने वाले सभी रास्तों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस की ओर से रामदेव और उनके समर्थकों को रामलीला मैदान से बाहर निकलते ही रंजीत सिंह फ्लाईओवर पर गिरफ्तार करने की तैयारी है। अर्द्धसैनिक बलों की 10 कंपनियां तैनात कर दी गई हैं और बवाना स्पोर्ट्स ग्राउंड में अस्थायी जेल बनाई गई है।
बाबा रामदेव ने रविवार को ही इशारों ही इशारों में यह ऐलान कर दिया था कि इस बार वह भागेंगे नहीं। वह जेल जाने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पहले वह खुद जेल जाएंगे, इसके बाद बाकी लोग उनके पीछे-पीछे आएंगे। रामदेव ने नौ अगस्त से तीन दिन का अनशन शुरू किया, जिसकी मियाद शनिवार शाम खत्म हो गई थी। इसके बाद उन्होंने कहा कि हमने अपनी मांगों को लेकर सरकार को दोबारा चिट्ठी लिखी है। अगर सरकार ने कदम नहीं उठाए तो हम सोमवार से क्रांति की शुरुआत करेंगे। रामदेव के अनशन में रविवार को टीम अन्ना की मेंबर किरन बेदी और पूर्व आर्मी चीफ वी. के. सिंह भी पहुंचे थे।
इस बीच, बाबा की तरफ से जेल भरो आंदोलन शुरू करने के संकेत मिलने के बाद रामलीला मैदान में मौजूद उनके समर्थकों ने अपने सामान समेटने शुरू कर दिए हैं। सभी को उनके राज्य के हिसाब से बैठाया गया है, ताकि जब संसद की ओर मार्च किया जाए तो किसी के भटकने की आशंका कम से कम रहे। बाबा ने कहा है कि आंदोलन के अगले चरण और कहां कूच करना है, इसके बारे में 11 बजे जानकारी दी जाएगी। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक रामदेव संसद की तरफ कूच करने का ऐलान कर सकते हैं। उनके सहयोगी राकेश कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अगर रामदेव ने रामलीला के बाहर कूच करने की कोशिश की, तो उन्हें बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। अगर वह गिरफ्तारी देते हैं तो पुलिस उन्हें परेशान नहीं करेगी। पुलिस ने इसके लिए भी इंतजाम किया है। अडिशनल सीपी और अडिशनल डीसीपी सेंट्रल रामलीला मैदान पहुंच चुके हैं। पुलिस बल को अलर्ट पर रखा गया है।

